'कुर्सी के लायक नहीं, पार्टी से निकालने पर भड़कीं सिद्धू की पत्नी ने राहुल को बहुत कुछ कह दिया
Navjot Kaur Sidhu ने कहा कि Rahul Gandhi के आस-पास के लोग पूरी तरह से करप्ट हैं. उनके पास उन ईमानदार लोगों के लिए कोई टाइम नहीं है, जो उन्हें बताना चाहते हैं कि यह गलत हो रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंजाब नहीं जीतने वाली है.

कांग्रेस से निकाले जाने के कुछ ही दिनों बाद नवजोत कौर सिद्धू ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. पूर्व कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने कहा है कि राहुल गांधी सपनों की दुनिया में जी रहे हैं. कहा कि उन्हें जमीनी हकीकत का पता ही नहीं है. आरोप लगाया कि राहुल के करीबी लोग ही चुनाव में टिकट बेचने में व्यस्त हैं. उन्होंने और भी कई गंभीर आरोप राहुल गांधी पर लगाए.
नवजोत कौर सिद्धू को हाल ही में कांग्रेस ने पार्टी के खिलाफ बयानबाजी के आरोप में निलंबित कर दिया था. उन्होंने पंजाब कांग्रेस के भीतर सीएम सीट और टिकट के बदले करोड़ों रुपये की डील होने का आरोप लगाया था. अब पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्होंने सीधे राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है. नवजोत कौर ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा,
MP बनाने का वादा किया था: नवजोतराहुल गांधी अच्छी बातें करते हैं. वह समझदारी की बातें करते हैं, लेकिन वह जो करते हैं और जो कहते हैं, उसमें बहुत अंतर है. पिछले आठ महीनों से मैं उनसे यह कहने के लिए समय मांग रही हूं कि आपके लोग, आपके अध्यक्ष या पंजाब में नियुक्त आपका व्यक्ति पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहा है. वह पंजाब में कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं. मैं आपसे बस यह बताने के लिए बैठने का समय मांग रही हूं कि आपकी पार्टी पंजाब में खत्म हो रही है. उन्होंने पहले ही टिकट बेच दिए हैं. अगर आपको पता नहीं है कि आपके नीचे क्या हो रहा है, तो मुझे अफ़सोस है, आप उस कुर्सी के लायक नहीं हैं. आप जो कर रहे हैं, उसके लिए आप जिम्मेदार हैं.
नवजोत कौर ने आगे राहुल गांधी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. कहा कि उन्हें डिप्टी सीएम पोस्ट और MP बनाने का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया गया. उन्होंने कहा,
हमने पंजाब के लिए सब कुछ छोड़ दिया. आपने हमसे सात विभागों के साथ डिप्टी CM पोस्ट और मुझे MP बनाने का वादा किया था, लेकिन आपने हमें कुछ नहीं दिया. आपने हमें लोकल बॉडी और टूरिज़्म दिया, और आप चाहते थे कि उन्हें CM के हिसाब से चलाया जाए. जब आपके अपने लोग ही करप्ट हैं तो आप करप्शन के खिलाफ क्यों बात कर रहे हैं? और आप अपने आस-पास के करप्ट लोगों को पसंद कर रहे हैं. आपके आस-पास के लोग पूरी तरह से करप्ट हैं. आपके पास उन ईमानदार लोगों के लिए कोई टाइम नहीं है, जो आकर आपको बताना चाहते हैं कि यह गलत हो रहा है. आप पंजाब नहीं जीतने वाले हैं.
नवजोत कौर सिद्धू ने आगे आरोप लगाया कि राहुल सपनों की दुनिया में जी रहे हैं. कहा कि आप पीएम मोदी पर उंगली उठा सकते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कुछ भी नहीं है. उन्होंने कहा,
शायद यह उन्हें (राहुल गांधी को) तोहफे में मिला है. उन्होंने असल में जमीन पर आने के लिए काम नहीं किया है. मुझे लगता है कि जमीन से जुड़े रहना बहुत जरूरी है. ग्राउंड जीरो पर क्या हो रहा है, यह किसी के लिए भी बहुत जरूरी है. आपको जानने के लिए जमीनी हकीकत से जुड़े रहना होगा. आप सपनों की दुनिया में नहीं जी सकते. हम पूरी जिंदगी ईमानदार रहे हैं. हमने पंजाब के लोगों, भारत के लोगों का भरोसा जीता है. ईमानदार रहकर और इसी वजह से पैसे की तंगी से जूझकर. आप PM मोदी पर उंगली उठा सकते हैं. उन्हें छूने की कोशिश करें. क्या उनके पास एक पैसा है? क्या उनके खिलाफ कोई फाइल है? उन्हें पर्सनली छूने की कोशिश करें. उनके खिलाफ कुछ भी नहीं है.
यह भी पढ़ें- तंत्र-मंत्र के नाम पर 3 साल की मृत बच्ची की कब्र खोदी, सिर काटकर ले गए
फिलहाल नवजोत कौर के बयान पर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की तरफ से जवाब नहीं आया है. लेकिन राहुल पर किए गए उनके हमले से सियासी पारा जरूर बढ़ सकता है. इससे पहले नवजोत सिद्धू ने कांग्रेस में रहते हुए ही पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि तरनतारन उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह बुर्ज को टिकट दिलाने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए गए और कुल रकम 11 करोड़ रुपये तक पहुंची. उनका दावा था कि यह काम वरिष्ठ नेताओं की जानकारी में हुआ.
वीडियो: राजधानी: अमित शाह ने राहुल गांधी को US ट्रेड डील पर क्या चुनौती दी है?

.webp?width=60)
